
देश में उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा की दिशा में राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन (NCH) नंबर 1915 एक सशक्त हथियार बनकर उभरा है, केंद्र सरकार की इस हेल्पलाइन ने सेवा में कमी और धोखाधड़ी का सामना कर रहे ग्राहकों को अब तक ₹45 करोड़ से अधिक की धनराशि रिफंड और मुआवजे के रूप में वापस दिलाई है।
Table of Contents
ई-कॉमर्स और बैंकिंग क्षेत्र में सबसे अधिक असर
उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, हेल्पलाइन की मदद से सबसे अधिक समाधान ई-कॉमर्स, बैंकिंग, बीमा और दूरसंचार (Telecom) जैसे क्षेत्रों में मिले हैं। कई मामलों में जहाँ कंपनियाँ रिफंड देने में आनाकानी कर रही थीं, 1915 पर शिकायत दर्ज होने के बाद त्वरित कार्रवाई की गई और ग्राहकों का पैसा उनके खातों में वापस पहुँचा।
एक कॉल और समाधान की राह आसान
NCH की इस सफलता के पीछे इसकी सरल और प्रभावी प्रक्रिया है। उपभोक्ता केवल एक फोन कॉल के जरिए अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं, विशेषज्ञों का मानना है कि इस हेल्पलाइन ने न केवल उपभोक्ताओं का पैसा बचाया है, बल्कि कंपनियों के बीच जवाबदेही भी बढ़ाई है।
कैसे लें मदद?
यदि आप भी किसी सेवा या उत्पाद से असंतुष्ट हैं और कंपनी आपकी सुनवाई नहीं कर रही है, तो आप निम्नलिखित माध्यमों से संपर्क कर सकते हैं:
- उपभोक्ता सीधे 1915 पर कॉल करके अपनी समस्या बता सकते हैं।
- राष्ट्रीय उपभोक्ता हेल्पलाइन पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज करने की सुविधा उपलब्ध है।
- उपभोक्ता अपनी शिकायतों को ट्रैक करने के लिए NCH App या UMANG App का उपयोग कर सकते हैं।
- अपनी शिकायत के प्रारंभिक पंजीकरण के लिए 8800001915 पर मैसेज भेजा जा सकता है।
1915 हेल्पलाइन की यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि जागरुक उपभोक्ता और सक्रिय सरकारी तंत्र मिलकर बाजार में पारदर्शिता ला सकते हैं, सरकार उपभोक्ताओं से अपील कर रही है कि वे अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें और किसी भी अन्याय की स्थिति में तुरंत शिकायत दर्ज करें।
















