
जनवरी का महीना आते ही पूरा उत्तर भारत ठंड की चपेट में आ जाता है। सुबहें कुहासे से घिरी रहती हैं, धूप जैसे कहीं खो जाती है और पहाड़ों पर बर्फ की सफेद चादर पड़ जाती है। लेकिन अच्छी बात यह है कि भारत जैसा विशाल और विविध देश हर मौसम में यात्रियों के लिए कुछ खास पेश करता है। अगर आपको जनवरी की सर्दियों में भी चटक धूप और नीला आसमान चाहिए, तो देश में कुछ ऐसी जगहें हैं जहां इस मौसम में भी गर्माहट, खुबसूरती और जीवन की रौनक मिलती है।
Table of Contents
1. गोवा
सर्दियों में अगर किसी जगह की चर्चा सबसे पहले होती है, तो वह है गोवा। दिसंबर-जनवरी के दौरान यहां का तापमान 20°C से 30°C के बीच रहता है, यानी सर्दी का नामो-निशान नहीं। ठंडी हवाओं के बीच समुद्र किनारे धूप सेंकना, वॉटर स्पोर्ट्स का आनंद लेना और बीच पर पार्टी करना पर्यटकों का पसंदीदा अनुभव बन जाता है। नॉर्थ गोवा का जीवंत माहौल और साउथ गोवा के शांत बीच, दोनों ही इस मौसम में यात्रियों के लिए खास आकर्षण हैं।
2. कोच्चि, केरल
अगर आप शोर-शराबे से बचकर एक शांत सर्दी की छुट्टी बिताना चाहते हैं, तो केरल का कोच्चि एक परफेक्ट जगह है। अरब सागर के किनारे बसा यह बंदरगाह शहर सर्दियों में भी सुकूनभरा मौसम देता है। यहां जनवरी में औसत तापमान 23°C से 32°C तक रहता है। नीली लहरें, बैकवॉटर्स में नौकायन और मसालों की खुशबू से भरे पुराने बाजार कोच्चि आपको हर मायने में सुकून का एहसास कराएगा।
3. पुडुचेरी
पुडुचेरी में कदम रखते ही लगेगा जैसे आप किसी और दुनिया में आ गए हों। यहां के रंग-बिरंगे घर, फ्रेंच आर्किटेक्चर और प्रोमेनेड बीच की ठंडी हवाएं इसे बेहद खास बनाती हैं। जनवरी के महीने में यहां का सूरज पूरी तरह मुस्कुराता है, और तापमान 22°C से 30°C तक रहता है। घूमने के लिए फ्रेंच कॉलोनी की गलियां, ऑरोविले, श्री अरबिंदो आश्रम और भारती पार्क जाएं और शाम को समुद्र किनारे बैठकर सुकून भरी धूप का आनंद लें। पुडुचेरी उन यात्रियों के लिए बेहतरीन विकल्प है जो सर्दी में गर्माहट के साथ शांति चाहते हैं।
4. गोकर्ण, कर्नाटक
अगर भीड़ से दूर, शांत माहौल में कुछ वक्त बिताने की इच्छा हो, तो गोकर्ण का नाम सबसे ऊपर आता है। यह कर्नाटक का छोटा-सा तटीय कस्बा है, जो अपने साफ-सुथरे समुद्र तटों और मंदिरों के लिए मशहूर है। जनवरी में यहां का तापमान 20°C से 32°C तक रहता है न ज्यादा ठंड और न ज्यादा गर्म। ओम बीच, हाफ मून बीच और पैराडाइज़ बीच जैसे स्थान यहां की खूबसूरती को चार चांद लगाते हैं। वहीं, श्री महाबलेश्वर मंदिर आध्यात्मिक शांति की अनुभूति कराता है।
5. अंडमान और निकोबार द्वीप
अगर आप सर्दी को पूरी तरह भूल जाना चाहते हैं, तो अंडमान और निकोबार द्वीप समूह से बेहतर जगह शायद ही कोई हो। जनवरी में यहां का तापमान 22°C से 30°C रहता है यानी पूरे साल जैसा गर्म और मनभावन मौसम। यहां का नीला समंदर, साफ-सुथरे बीच और हरियाली का संगम इसे स्वर्ग जैसा बनाता है। हैवलॉक आइलैंड, एलिफेंट बीच और कोर्बिन कोव बीच जैसे स्थान पर्यटकों को हर मौसम में आकर्षित करते हैं। साथ ही सेल्यूलर जेल और समुद्रीका म्यूजियम में इतिहास और संस्कृति की झलक भी मिलती है।
सर्दियों में भी धूप का साथ
भारत की यही खूबी है कि यहां हर मौसम में किसी न किसी कोने में “परफेक्ट वेदर” मिल ही जाता है। जनवरी की सर्दियों में जब बाकी देश ठिठुर रहा होता है, तब दक्षिण और तटीय इलाकों में धूप, गर्माहट और जीवन की ऊर्जा महसूस की जा सकती है।
तो इस बार अगर आप सर्दी से बचना चाहते हैं, तो बैग पैक कीजिए और निकल पड़िए उन जगहों की तरफ जहां धूप आपके स्वागत में खिली मिलती है।
















