नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने नीट यूजी 2026 परीक्षा से पहले अभ्यर्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। एजेंसी ने कहा है कि उम्मीदवार आवेदन फॉर्म भरने से पहले अपने सभी आवश्यक डॉक्यूमेंट्स को अपडेट कर लें, ताकि आवेदन प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी गड़बड़ी या गलती से बचा जा सके।

Table of Contents
आवेदन से पहले क्या करें उम्मीदवार
जो छात्र नीट यूजी 2026 के लिए आवेदन करने की योजना बना रहे हैं, उन्हें अभी से अपने आधार कार्ड, यूडीआईडी कार्ड (दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए) और कैटेगरी सर्टिफिकेट्स की जानकारी को दोबारा जांच लेना चाहिए। एनटीए के अनुसार, आधार कार्ड में दर्ज नाम, जन्मतिथि और अन्य विवरण आपके कक्षा 10वीं के सर्टिफिकेट से पूरी तरह मेल खाने चाहिए।
आधार कार्ड में यह जानकारी होनी चाहिए अपडेट
- नाम
- जन्म तिथि
- लिंग
- पता
- फोटो
- बायोमेट्रिक डिटेल्स
उम्मीदवार इन विवरणों को अपडेट करने के लिए यूआईडीएआई की वेबसाइट पर जा सकते हैं। वहीं, ईडब्ल्यूएस, एससी, एसटी और ओबीसी (एनसीएल) श्रेणी के छात्रों को यह सुनिश्चित करना होगा कि उनके कैटेगरी सर्टिफिकेट हाल ही में जारी और वैध हों।
पहले से तैयार रखें ये जरूरी डॉक्यूमेंट्स
एनटीए ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे आवेदन भरने से पहले अपने आवश्यक डॉक्यूमेंट्स की सॉफ्ट कॉपी तैयार रखें, ताकि प्रक्रिया में समय न लगे। जिन दस्तावेजों की जरूरत होगी, उनमें शामिल हैं –
- पासपोर्ट साइज और पोस्टकार्ड साइज फोटो
- उम्मीदवार के हस्ताक्षर
- दोनों अंगूठों के निशान
- कक्षा 10वीं की मार्कशीट और प्रमाणपत्र
- कक्षा 12वीं की मार्कशीट
- पीडब्ल्यूबीडी प्रमाणपत्र (यदि लागू हो)
- नागरिकता या दूतावास से संबंधित प्रमाणपत्र (विदेशी अभ्यर्थियों के लिए)
NEET 2026 के सिलेबस में बदलाव
राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) ने नीट यूजी 2026 के लिए नया सिलेबस लागू किया है। इस बार फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी के विषयों को दोबारा व्यवस्थित किया गया है ताकि परीक्षार्थियों का ध्यान मूलभूत और वैचारिक समझ पर केंद्रित हो। विशेषज्ञों का मानना है कि नया सिलेबस उन छात्रों के लिए लाभदायक रहेगा जो विषयों की गहराई से पढ़ाई करते हैं, वहीं केवल रटकर परीक्षा की तैयारी करने वाले उम्मीदवारों के लिए यह बदलाव चुनौतीपूर्ण साबित हो सकता है।
नीट का अपडेटेड सिलेबस राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध कराया गया है ताकि अभ्यर्थी समय रहते अपनी तैयारी रणनीति तय कर सकें।
कब शुरू होगा रजिस्ट्रेशन और परीक्षा तिथि
पिछली परीक्षाओं के ट्रेंड को देखते हुए, नीट यूजी 2026 का रजिस्ट्रेशन फरवरी के पहले सप्ताह से शुरू होने की संभावना है। परीक्षा की आधिकारिक तारीख और आवेदन लिंक एनटीए जल्द ही अपनी वेबसाइट पर जारी करेगा।
फेस ऑथेंटिकेशन से होगी पहचान
NTA अब परीक्षा प्रक्रिया में तकनीकी सुधार भी ला रहा है। वर्ष 2026 से नीट और जेईई जैसी परीक्षाओं में फेस रिकग्निशन आधारित पहचान प्रणाली लागू की जा सकती है। इसके अंतर्गत आवेदन के दौरान लाइव फोटो खींचने की सुविधा भी जोड़ी जाएगी। यह तकनीक पहले एक पायलट प्रोजेक्ट रूप में कुछ परीक्षा केंद्रों पर सफलतापूर्वक परीक्षण की जा चुकी है।
क्या है नीट परीक्षा?
NEET यानी नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट भारत की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा है, जिसे एनटीए हर वर्ष आयोजित करता है। इसके माध्यम से देशभर के मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस, बीडीएस, बीएएमएस, बीएचएमएस, बीयूएमएस, बीएसएमएस और बीवीएससी एंड एएच जैसी स्नातक मेडिकल डिग्रियों में दाखिला दिया जाता है।
हर साल लगभग 24 लाख छात्र इस परीक्षा में हिस्सा लेते हैं, जबकि एमबीबीएस कोर्स के लिए लगभग 1.28 लाख सीटें उपलब्ध रहती हैं।
















