उत्तर प्रदेश की महिलाओं के लिए नए साल की शुरुआत खुशखबरी लेकर आई है। राज्य सरकार ने आंगनवाड़ी विभाग में 69,000 से अधिक पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की है। लंबे समय से इस भर्ती का इंतजार कर रही महिला उम्मीदवारों के लिए यह सुनहरा मौका है। इस बार चयन प्रक्रिया को जिलों में पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए जिलाधिकारियों की अध्यक्षता में एक विशेष समिति बनाई गई है।

Table of Contents
कुल कितने पदों पर निकली भर्ती
इस भर्ती अभियान के तहत कुल 69,000 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें
- 7,952 पद आंगनवाड़ी कार्यकर्त्री के लिए निर्धारित किए गए हैं।
- 61,254 पद सहायिका (Helper) के लिए रखे गए हैं।
हर जिले में कुल रिक्त पदों की संख्या अलग-अलग होगी, जिसकी पुष्टि जिलास्तर पर जांच के बाद की जाएगी।
भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी
बाल विकास सेवा और पुष्टाहार विभाग, उत्तर प्रदेश की ओर से इस भर्ती के लिए दिशा-निर्देश सभी जिलों को भेज दिए गए हैं। प्रत्येक जिला प्रशासन अपने क्षेत्र में आंगनवाड़ी केंद्रों में खाली पदों की गणना करेगा। इसके बाद यह जानकारी आंगनवाड़ी भर्ती पोर्टल upanganwadibharti.in पर अपलोड की जाएगी। सभी जिलों से डेटा आने के बाद सरकार की तरफ से आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा और आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी।
आवेदन के लिए आवश्यक पात्रता
भर्ती में आवेदन करने वाली महिलाओं को कुछ शर्तें पूरी करनी होंगी:
- आवेदन करने वाली महिला उत्तर प्रदेश की स्थायी निवासी होनी चाहिए।
- उम्मीदवार को कम से कम 12वीं कक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है।
- महिला की आयु सीमा 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
- केवल वही महिलाएं आवेदन कर सकेंगी जो अपने ग्राम पंचायत या वार्ड क्षेत्र से संबंधित हों।
- विवाहित महिलाएं अपने ससुराल का निवास प्रमाण पत्र प्रस्तुत कर सकती हैं।
- तलाकशुदा, विधवा और परित्यक्ता महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
चयन प्रक्रिया कैसे होगी
इस भर्ती में किसी लिखित परीक्षा का आयोजन नहीं किया जाएगा। उम्मीदवारों का चयन उनके शैक्षणिक अंकों के आधार पर मेरिट लिस्ट बनाकर किया जाएगा।
जो महिलाएं पहले से आंगनवाड़ी सहायिका के रूप में काम कर रही हैं, उन्हें कार्यकत्री पदों के लिए 50% तक आरक्षण दिया जाएगा। यह मौका उन्हीं सहायिकाओं को मिलेगा जिन्होंने कम से कम 5 वर्ष तक लगातार सेवा दी हो। जिन सहायिकाओं का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं रहा या जिन्होंने तीन महीने से अधिक की छुट्टी ली है, उन्हें इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा।
पारदर्शिता के लिए गठन हुई समिति
भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए राज्य सरकार ने सभी जिलों में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में चयन समिति का गठन किया है। यह समिति आवेदन की जांच, दस्तावेज सत्यापन और अंतिम चयन सूची तैयार करने का काम करेगी।
आवेदन फॉर्म जारी होने की संभावना
फिलहाल भर्ती की तैयारी चरण में है। जैसे ही सभी जिलों से रिक्त पदों की जानकारी प्राप्त होती है, सरकार की ओर से आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी जाएगी। माना जा रहा है कि जनवरी 2025 के मध्य तक आवेदन प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे upanganwadibharti.in वेबसाइट को नियमित रूप से चेक करते रहें ताकि किसी भी अपडेट की जानकारी तुरंत मिल सके।
















